
पाली : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को राजस्थानभर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक अनुष्ठान और राष्ट्र कल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में पाली जिले के सुमेरपुर स्थित ऐतिहासिक जोधेश्वर महादेव मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ, जहां देश की समृद्धि, नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए विशेष पूजन किया गया।
राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन किया तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति और जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्वान पंडितों और आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठान संपन्न कराए गए। महादेव मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष और वैदिक ऋचाओं की गूंज से आध्यात्मिक वातावरण बन गया।
श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लेकर देश की खुशहाली, सामाजिक समरसता और विकास की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान महाआरती और धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि यह कालखंड सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों और निरंतर प्रगति के लिए देवस्थान विभाग द्वारा प्रदेशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।
देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार राजस्थान के विभिन्न जिलों में स्थित प्रमुख मंदिरों में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई स्थानों पर महाआरती, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और प्रसादी वितरण के कार्यक्रम हुए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुमेरपुर में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम कालूराम कुम्हार, करण सिंह नेतरा, दीपक भाटी, पाली डेयरी अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन राकेश राखेचा, पूनम सिंह परमार, तखतगढ़ नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन ललित रांकावत, हनुवंत सिंह, दिनेश मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस धार्मिक आयोजन ने आध्यात्मिक आस्था के साथ राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान की।



