पाली में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचीं बस्ती तक, 72 मरीजों का हुआ निशुल्क इलाज, घर-घर तक पहुंचा स्वास्थ्य मिशन

पाली : आमजन को उनके निवास क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रताप नगर, पाली ने बुधवार को अमर इंद्रा नगर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और कुल 72 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य शहरी क्षेत्र की आबादी को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. मोहम्मद जावेद ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं डेंटल हाइजिनिस्ट गुलशन कुमार ने दंत स्वास्थ्य की जांच कर लोगों को मुख स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता राजकंवर ने गैर संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग के साथ टीकाकरण सेवाएं भी प्रदान कीं।

इसके अलावा फार्मासिस्ट अरुण गर्ग द्वारा मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, जबकि वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन सवाई सिंह सोनीगरा ने विभिन्न आवश्यक जांचें मौके पर ही नि:शुल्क उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आउटरीच शिविरों के माध्यम से उन लोगों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो किसी कारणवश अस्पताल नहीं पहुंच पाते। शिविर के दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, पोषण और बीमारियों की रोकथाम के बारे में भी जागरूक किया गया।
शिविर के सफल संचालन में लेखा सहायक दिनेश, आशा सहयोगिनी सरोज और रेणुका सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आने वाले समय में भी विभिन्न बस्तियों और शहरी क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजन को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



