google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा की सख्त समीक्षा, अफसरों को दिए निर्देश, पानी-बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और मानसून तैयारियों पर विशेष फोकस

सर्किट हाउस में जिला स्तरीय बैठक, बजट घोषणाओं की प्रगति और विकास कार्यों का लिया फीडबैक

पाली : जिले में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रभारी मंत्री एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने पेयजल, बिजली, चिकित्सा सेवाओं, बजट घोषणाओं और मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देने के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति और सुचारु विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कहीं भी पेयजल संकट या अनावश्यक बिजली कटौती की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं की प्रगति, लंबित विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री खर्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए बांगड़ चिकित्सालय सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, ओपीडी भार, मौसमी बीमारियों की स्थिति और चिकित्सा प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गर्मी और मानसून के दौरान संभावित बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां रखने के निर्देश दिए।

नगर निगम की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने शहर में बरसात से पहले नालों की सफाई, जलभराव रोकने के उपाय और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग से सड़कों की मरम्मत और लंबित कार्यों की जानकारी लेकर जल्द कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में वंदे गंगा अभियान और हरियालो राजस्थान अभियान की भी समीक्षा की गई। मंत्री खर्रा ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इसके अलावा जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, रोडवेज, यूआईटी, आबकारी विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद, बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले के विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर हुई इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आगामी मानसून, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास योजनाओं को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button