पाली : जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं और युवाओं को भी जोड़ा गया योजना से, 15 हजार से 50 हजार रुपये तक मिलेगा ऋण

पाली : शहर के छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्व पार्षद एवं भाजपा जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी के संयोजन में राजेंद्र नगर विस्तार सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जागरूकता एवं आवेदन शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में ठेला, केबिन और छोटी दुकान संचालित करने वाले 102 लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन लेकर उनका सत्यापन किया गया। सभी पात्र आवेदनों को ऋण स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को भेज दिया गया है।
आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 15 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन सकें। शिविर में विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में संचालित विकास और जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के दौरान नगर निगम के जिला प्रबंधक शेरसिंह, युवराज वैष्णव और लोकेश कुमावत ने आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देकर लाभार्थियों की सहायता की।
स्थानीय लोगों ने इस तरह के शिविरों को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे छोटे व्यापारियों को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। शिविर के सफल आयोजन से बड़ी संख्या में स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।



