पाली : स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी समीक्षा, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा कोई बच्चा

पाली : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चिकित्सा विभाग की योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला कलेक्टर ने लाडो प्रोत्साहन योजना और संस्थागत प्रसव योजना में बेहतर प्रगति पर चिकित्सा अधिकारियों की सराहना करते हुए इस गति को बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।
कलेक्टर डॉ. गोस्वामी ने नियमित टीकाकरण और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह की 25 तारीख को चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर समीक्षा करें तथा मॉपअप राउंड चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने के बाद एचपीवी वैक्सीन अभियान को गति देकर निर्धारित लक्ष्य हासिल किए जाएं और इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए।

बैठक में राज्य सरकार द्वारा 12 जून से शुरू किए गए ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लाडो प्रोत्साहन योजना सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की लंबित पात्रताओं का शीघ्र निस्तारण किया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि शिविरों में आमजन को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग को विभिन्न योजनाओं के लिए प्रदर्शन आधारित पैरामीटर तय करने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक प्रतिस्पर्धा से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
बैठक में ‘आओ गांव चले’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रवासी नागरिकों को स्वास्थ्य संस्थानों के विकास में सहयोग के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन चिकित्सा संस्थानों में प्रवासियों के सहयोग से बेहतर कार्य होंगे, वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बैठक में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान तथा 16 जून से 31 जुलाई तक चलने वाले स्टॉप डायरिया अभियान-2026 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी बीसीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को दोनों अभियानों को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एएनसी सेवाएं, संस्थागत प्रसव, एफआरयू सेवाएं, पूर्ण टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीनेशन, एनटीईपी, एनसीडी कार्यक्रम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM), उजाला क्लिनिक, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, तंबाकू मुक्त भारत अभियान, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीसीटीएस एंट्री, प्रसव वॉच एप, क्वालिटी एएनसी जांच, ई-संसाधन, एफसीएम फॉलोअप और आईडीएसपी गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, बाली पीएमओ डॉ. भरत टेलर, सुमेरपुर पीएमओ डॉ. महिपाल परमार, पाली पीएमओ डॉ. एस.एन. स्वर्णकार, सोजत पीएमओ डॉ. पी.आर. सिरवी, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंकित माथुर, डीपीएम भवानी सिंह, यूपीएम जितेंद्र परमार, डीपीसी रामप्रकाश गढ़वाल, नंदलाल शर्मा सहित जिले के सभी बीसीएमओ, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



