सिर्फ 20 मिनट में मिला जन्म प्रमाण पत्र, शहरी सेवा शिविर में दिखी प्रशासनिक तत्परता

पाली : राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविरों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सुमेरपुर नगर पालिका परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान एक परिवार को महज 20 मिनट में जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर प्रशासन ने त्वरित सेवा का उदाहरण पेश किया।
राजपूतों का वास, झीतड़ा निवासी प्रियंका चम्पावत ने अपने पुत्र चंद्रआदित्य सिंह चम्पावत के जन्म प्रमाण पत्र के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही नगर पालिका प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच और प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए रिकॉर्ड समय में कार्यवाही पूरी की और केवल 20 मिनट में जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
विशेष बात यह रही कि शिविर में उपस्थित कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने स्वयं लाभार्थी परिवार को जन्म प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी।
नगर पालिका सुमेरपुर के अधिशाषी अधिकारी नरपत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत आवेदन मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर प्रमाण पत्र जारी किया।
जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद प्रियंका चम्पावत ने खुशी जाहिर करते हुए नगर पालिका सुमेरपुर और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में जिन कार्यों में कई दिन लग जाते हैं, वह कार्य शिविर में कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।
शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राजस्व मामलों सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का दावा है कि ऐसे शिविरों से लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं की पहुंच आमजन तक और अधिक आसान हो रही है।



