मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा महिला मोर्चा की योग कार्यशाला, 100 से अधिक छात्राओं ने किया योगाभ्यास

पाली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं भाजपा पाली जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोहर कंवर ने किया। कार्यशाला में 100 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है।
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुका है। योग के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री नैना व्यास, उपाध्यक्ष सुमन सेन, कोषाध्यक्ष प्रमिला परमार सहित देवी, मंजू, प्राची, प्रियंका, खुशबू, डिंपल, लक्ष्मी, रीना और आरती सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों से नियमित योग करने और अपने परिवार व समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।




