दो साल से बंद थी बुजुर्ग महिला की पेंशन, ग्रामीण सेवा शिविर में मिनटों में हुआ समाधान, लौटी चेहरे की मुस्कान
बालराई ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर बना राहत का केंद्र, नए पात्र वृद्धजनों की पेंशन भी हुई स्वीकृत

पाली : राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। जिले की ग्राम पंचायत बालराई में आयोजित शिविर में ऐसा ही एक भावुक और प्रेरणादायक मामला सामने आया, जहां पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी एक बुजुर्ग महिला की सामाजिक सुरक्षा पेंशन शिविर में ही पुनः शुरू कर दी गई। पेंशन बहाल होने की सूचना मिलते ही महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान होने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
शिविर में लहरी देवी पत्नी पीथाराम ने अधिकारियों को बताया कि उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन पिछले करीब दो वर्षों से बंद थी, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वृद्धावस्था में पेंशन बंद होने के कारण उनके दैनिक खर्चों और जीवन-यापन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिविर में मौजूद अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जन आधार और आधार कार्ड से संबंधित ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण पेंशन भुगतान बाधित हो गया था। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाई और लहरी देवी की ई-केवाईसी पूर्ण करवाई।
सभी दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई। पेंशन बहाल होने की जानकारी मिलने पर लहरी देवी भावुक हो उठीं और उन्होंने राज्य सरकार तथा शिविर में मौजूद अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त अन्य आवेदनों की भी जांच की गई। पात्रता पूरी करने वाले दो वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई, जिससे उन्हें नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त होने का रास्ता साफ हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। पहले जहां छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब सेवा शिविरों में मौके पर ही समाधान मिल रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा सरकारी सेवाओं को गांव स्तर तक पहुंचाना है। बालराई में आयोजित शिविर इसका सफल उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां जरूरतमंदों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से जिलेभर में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य विभागों की सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।



