google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

आओ गांव चलें’ अभियान से बदल रही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, प्रवासी भामाशाहों ने अस्पतालों को दिए आधुनिक संसाधन

एसी, मेडिकल उपकरण, फर्नीचर और विशेष वार्ड की सौगात; जनसहयोग से मजबूत हो रहे पाली जिले के स्वास्थ्य संस्थान

पाली : जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अभिनव पहल “आओ गांव चलें” अभियान ग्रामीण विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी नई मिसाल बनता जा रहा है। अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रवासी पालीवासी, भामाशाह और समाजसेवी अपने गांवों और क्षेत्र के विकास के लिए आगे आ रहे हैं। इनके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने लगी हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि अभियान के सकारात्मक परिणाम अब जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। जनसहयोग से अस्पतालों को चिकित्सा उपकरण, एयर कंडीशनर, फर्नीचर, वाटर कूलर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतगढ़ में चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुरेश चौधरी के प्रयासों से दानदाताओं ने अस्पताल को अनेक उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराए हैं। अस्पताल को 5 एयर कंडीशनर, 3 अलमारी, 20 प्लास्टिक कुर्सियां, 2 कार्यालय टेबल, 3 वॉल फैन, 7 पंखे, एक एलईडी टीवी, एक वाटर कूलर तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आशा किट प्रदान की गई हैं। इन सुविधाओं से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को बेहतर वातावरण मिलेगा।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिंवाड़ा में भी जनसहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। प्रवासी दानदाता धनराज पुनमिया ने अस्पताल को एयर कंडीशनर, डिजिटल बीपी मॉनिटर, खिड़कियों के पर्दे तथा एक अनुपयोगी गैलेरी का नवीनीकरण करवाकर दो बेड का विशेष वार्ड तैयार करवाया। इस वार्ड का उपयोग हीट स्ट्रोक और अन्य गंभीर मरीजों के उपचार के लिए किया जा रहा है।

वहीं दूसरे प्रवासी दानदाता अभिमन्यु पुनमिया ने अस्पताल के दवा वितरण केंद्र के लिए एयर कंडीशनर भेंट किया, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को भीषण गर्मी में राहत मिल रही है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोजत रोड में भी जनसहयोग की मिसाल देखने को मिली। महावीरचंद एवं श्रीमती इंद्रा देवी बम्बोली की स्मृति में भामाशाह जितेंद्र बम्बोली और दीपक बम्बोली ने अस्पताल को एयर कंडीशनर भेंट किया। उनके योगदान से प्रेरित होकर भाजपा मंडल पदाधिकारियों ने भी एक अतिरिक्त एसी उपलब्ध करवाया। दोनों एसी की स्थापना से अस्पताल का वातावरण अधिक सुविधाजनक और मरीजों के अनुकूल बन सकेगा।

जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग का मानना है कि प्रवासीजनों और भामाशाहों के सहयोग से ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। इससे दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि “आओ गांव चलें” अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों के विकास में सहयोग देने वाले प्रवासीजन और दानदाताओं को जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित “कॉफी विद कलेक्टर” कार्यक्रम में ऐसे समाजसेवियों और भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि यह सम्मान न केवल सहयोग करने वाले दानदाताओं का उत्साह बढ़ाएगा, बल्कि अन्य प्रवासीजनों को भी अपने गांव और क्षेत्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। “आओ गांव चलें” अभियान आज पाली जिले में जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को मिल रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button