शहरी सेवा शिविर में मिली बड़ी राहत, आवेदन के कुछ ही समय बाद जारी हुआ बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र

पाली : राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनके समय और संसाधनों की बचत हो रही है। ऐसा ही एक मामला रानी खुर्द नगर पालिका क्षेत्र में सामने आया, जहां एक पिता को अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र समय पर मिलने से बड़ी राहत मिली।
किशनपुरा रोड, खारड़ा निवासी प्रभुराम पुत्र कुपाराम ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका रानी खुर्द में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद शहरी सेवा शिविर के दौरान नगर पालिका प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और 16 जून 2026 को सुबह 11:09 बजे डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सेवा के तहत पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई। प्रमाण पत्र जारी होते ही लाभार्थी को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिया गया, जिससे उन्हें भविष्य में शिक्षा, पहचान, सरकारी योजनाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर प्राप्त हो गया।
प्रभुराम ने जन्म प्रमाण पत्र मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर पालिका रानी खुर्द और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को मौके पर ही समाधान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविरों के कारण आम नागरिकों का समय बच रहा है और सरकारी सेवाओं तक पहुंच भी आसान हुई है। यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही है जो किसी कारणवश नियमित रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगा पाते।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राजस्व कार्य, पट्टे, पेंशन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
रानी खुर्द का यह उदाहरण दर्शाता है कि राज्य सरकार की यह पहल जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित हो रही है और आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



