महाराणा प्रताप जयंती पर नगर निगम की अनूठी पहल, पहली बार रक्तदान शिविर में जुटी मानवता की मिसाल

पाली : वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर नगर निगम पाली ने सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए मुख्यमंत्री शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। नगर निगम के इतिहास में पहली बार आयोजित इस रक्तदान शिविर को कर्मचारियों, अधिकारियों, सफाई कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व सहयोग मिला। शिविर में कुल 85 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होगा।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। शिविर में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े कार्मिकों, संवेदकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई कर्मचारियों ने पहली बार रक्तदान किया और इसे समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया। रक्तदान करने वालों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. रवीन्द्र गोस्वामी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, अशोक बाफना, रमेश परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शिविर में पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए नगर निगम की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

शिविर के सफल संचालन में बांगड़ अस्पताल ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मांगीलाल एवं उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नगर निगम के सचिव किशन सिंह, अधिशासी अभियंता जितेंद्र सोनी, कलिम अशरफ, सहायक लेखाधिकारी ब्रिजपाल सिंह, नरेश चौधरी, लोकेश जैन, राजस्व अधिकारी राम, निजी सहायक जगदीश कुमावत सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
नगर निगम प्रशासन ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा दल और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों में सेवा भावना को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में मानवता और सहयोग का संदेश भी देते हैं। आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि भविष्य में भी नगर निगम जनहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे नवाचारात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।



