google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविरों से बदल रही तस्वीर, मौके पर बना जॉब कार्ड, ग्रामीणों को मिल रही राहत और रोजगार की राह

पाली : राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 जिलेभर में प्रभावी साबित हो रहे हैं। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं, वहीं प्रशासन भी मौके पर ही विभिन्न विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराकर लोगों को राहत पहुंचा रहा है।

बुधवार को मारवाड़ जंक्शन उपखंड क्षेत्र की सिनला और चवाड़िया ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, जल, विद्युत और अन्य विभागों से संबंधित मामलों का मौके पर समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

ग्रामीण सेवा शिविर का सबसे प्रेरक उदाहरण गुड़ा एंदला ग्राम पंचायत में देखने को मिला, जहां निवासी ममता पत्नी नारायण लाल मीणा लंबे समय से मनरेगा में रोजगार पाने से वंचित थीं। कारण था कि उनका नरेगा जॉब कार्ड बना हुआ नहीं था।

शिविर में पहुंचकर ममता ने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उनका नया मनरेगा जॉब कार्ड जारी कर दिया। जॉब कार्ड मिलने के बाद अब उन्हें मनरेगा योजना के तहत रोजगार प्राप्त करने का रास्ता खुल गया है।

अपनी समस्या का तत्काल समाधान होने पर ममता ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को बिना सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए मौके पर ही राहत मिल रही है।

ग्रामीण सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। इससे लोगों का समय और धन दोनों बच रहा है। शिविरों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, राजस्व, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल एवं बिजली संबंधी शिकायतों सहित अनेक मामलों का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार 18 जून को पाली उपखंड की भावरी, रोहट की ढाबर, सोजत की गुड़ाकलां, मारवाड़ जंक्शन की भगोड़ा और ईसाली, देसूरी की पनोता, रानी की ढारिया और जवाली, बाली की गोरिया और बीजापुर तथा सुमेरपुर क्षेत्र की जवाई बांध ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे।

इसी प्रकार 19 जून को मणिहारी, कलाली, गुड़ा रामसिंह, बोरनडी, धुंधला, ढालोप, चांचाड़ी, इटंदरा चारणान, बारवा और लापोद ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। जबकि 20 जून को सोनाई मांझी ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होगा।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने की अपील की है। ग्रामीण और शहरी सेवा शिविर अब आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर राहत पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button