योग दिवस और ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर योग दिवस, मानसून पूर्व आपदा प्रबंधन और व्यापक पौधारोपण अभियान की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योग दिवस का आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर जन-जन की भागीदारी वाला स्वास्थ्य महोत्सव बने। इसके साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में बड़े स्तर पर पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंगलाल शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 7 बजे लाखोटिया उद्यान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के साथ प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने नगर निगम, आयुर्वेद विभाग, पुलिस, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक और ग्राम स्तर पर भी योग दिवस के व्यापक आयोजन करने के निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार हेतु तैयार पोस्टर का विमोचन किया और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में होने वाले पौधारोपण कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को पौधारोपण स्थलों का चयन, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वन विभाग की ओर से डीएफओ कस्तूरी प्रशांत ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण किया जाएगा तथा इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखरेख के लिए भी विशेष रणनीति साझा की।
बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए आपदा राहत, जलभराव और बाढ़ जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और पौधारोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनआंदोलन खड़ा करना है।



