वर्षों की भागदौड़ खत्म, शहरी सेवा शिविर में महिला को मौके पर मिला फ्री होल्ड पट्टा, चेहरे पर लौटी खुशी

पाली : राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। शिविरों में वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर समाधान होने से आमजन को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक मामला नगरपालिका खुडाला-फालना क्षेत्र में सामने आया, जहां एक महिला का वर्षों पुराना सपना कुछ ही समय में पूरा हो गया।
खुडाला-फालना निवासी लक्ष्मी बंशीलाल लंबे समय से अपने भूखंड को लीज होल्ड से फ्री होल्ड कराने के लिए प्रयासरत थीं। जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं और दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण उनका मामला लंबे समय से लंबित चल रहा था। कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिल पा रहा था, जिससे वे काफी परेशान थीं।
शहरी सेवा शिविर के दौरान लक्ष्मी बंशीलाल ने अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने मामले को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। अधिशाषी अधिकारी के निर्देशन में सहायक अभियंता शैलेन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ लिपिक शक्ति सिंह चौहान ने नियमानुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी कर मौके पर ही फ्री होल्ड पट्टा जारी कर दिया।
वर्षों से लंबित कार्य पूरा होने और पट्टा हाथ में मिलते ही लक्ष्मी बंशीलाल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उन्हें अपने अधिकार के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्थानीय विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर ने उनकी बड़ी समस्या का समाधान कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और सरल समाधान उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
खुडाला-फालना का यह मामला इस बात का उदाहरण है कि शहरी सेवा शिविर न केवल प्रशासन को जनता के करीब ला रहे हैं, बल्कि वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान कर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी ला रहे हैं।



