google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ढोल-नगाड़ों के साथ योग का न्यौता, पाली में पीले चावल बांटकर लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में आने का किया आमंत्रण

चाय विक्रेता जगदीश माली की अनूठी पहल बनी चर्चा का विषय, बाजारों में घूम-घूमकर शहरवासियों को दिया निमंत्रण

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पाली शहर में उत्साह का माहौल है। 21 जून को लाखोटिया गार्डन स्थित रंगमंच मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शहर के एक जागरूक नागरिक ने अनोखी पहल कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

शहर के सूरजपोल क्षेत्र में चाय का केबिन संचालित करने वाले जगदीश माली शनिवार को ढोल-नगाड़ों के साथ बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों व आमजन को पीले चावल देकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उनका यह पारंपरिक और अनूठा अंदाज लोगों को बेहद पसंद आया।

जगदीश माली अपनी टीम के साथ सूरजपोल से धानमंडी तक पैदल यात्रा करते हुए बाजारों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से हाथ जोड़कर 21 जून की सुबह लाखोटिया गार्डन में आयोजित योग कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होने की अपील की। कई लोगों ने इस अनूठी पहल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।

गौरतलब है कि जगदीश माली इससे पहले भी शहर में स्वच्छता जागरूकता को लेकर अपने स्तर पर विभिन्न अभियान चला चुके हैं। अब योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनकी यह पहल शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा लाखोटिया गार्डन के रंगमंच मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मैदान में प्रतिभागियों के लिए मेटिंग बिछाई जा रही है, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा योग प्रशिक्षकों के लिए विशेष स्टैंड भी तैयार किए जा रहे हैं, जहां से वे विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में शहर के योग विशेषज्ञ नागरिकों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराएंगे।

प्रशासन एवं आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button