सुमेरपुर के नेतरा पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ग्रामीण सेवा शिविर का लिया जायजा; कहा- हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, लाभार्थियों को सौंपे पट्टे और प्रमाण-पत्र, योजनाओं का फीडबैक भी लिया

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया, लाभार्थियों से सीधा संवाद किया तथा शिविर में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के तहत प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां किसानों, मजदूरों, महिलाओं, दिव्यांगों, गरीबों एवं वंचित वर्गों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों में दस्तावेजों में सुधार, नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, पेंशन सत्यापन, एनएफएसए प्रकरणों का निस्तारण, रास्तों से जुड़े मामलों सहित कई कार्य त्वरित गति से किए जा रहे हैं। इससे लंबे समय से सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को राहत मिल रही है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक किसान की जमाबंदी में नाम ‘ओट सिंह’ दर्ज था, जबकि अन्य दस्तावेजों में नाम ‘अर्जुन सिंह’ था। नाम में इस त्रुटि के कारण किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। शिविर में नाम शुद्धिकरण होने के बाद अब किसान सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा शिविरों में किसानों को मृदा परीक्षण, बीज मिनीकिट, फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी आमजन को मिल रहा है। पशुपालकों से उन्होंने पशु स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रमाण-पत्र एवं पट्टों का वितरण भी किया। उन्होंने हजाराम, भैराराम और मांगीलाल को विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू श्रेणी के तहत पट्टे वितरित किए। वहीं अजु देवी को पुराने मकान के विनियमितीकरण तथा कपूराराम को रियायती दर पर पट्टा आवंटन के प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, विधायक केसाराम चौधरी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




