google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में योग का महाकुंभ, 5 दिवसीय शिविर में 1750 से अधिक लोगों ने किया योग, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती पाली द्वारा आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का शनिवार को भव्य समापन हुआ। शहर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित इस शिविर में करीब 1750 से अधिक योग साधकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया। समापन के साथ ही प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

यह शिविर बांगड़ कॉलेज, नेहरू उद्यान, हाउसिंग बोर्ड, रायको की ढाणी स्थित महादेव बगेची तथा टैगोर नगर शिव मंदिर परिसर सहित पांच प्रमुख केंद्रों पर आयोजित किया गया। प्रतिदिन प्रातः 6 से 7 बजे तक चले शिविर में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

टैगोर नगर स्थित शिव मंदिर में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बलवीर सिंह राणावत, जिला शिक्षा अधिकारी कानाराम वागोरिया एवं नूतन बाला कपिला उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत क्रीड़ा भारती के योग प्रभारी लहरीदास वैष्णव, नरेश पांडे और भरत शर्मा ने किया।

योग प्रशिक्षक डॉ. गोविन्द नारायण अरोड़ा एवं मोतीसिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। मुख्य अतिथि बलवीर सिंह राणावत ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने सभी से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

हाउसिंग बोर्ड केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल भंडारी और भामाशाह रामपाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर रामपाल शर्मा ने बास्केटबॉल खेलने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए पांच बास्केटबॉल भेंट किए। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र लक्षकार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

नेहरू उद्यान में आयोजित शिविर में योग प्रशिक्षक मानवेंद्र सिंह और भरत कुमावत ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती नगर अध्यक्ष लुंबाराम बी गहलोत ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया।

बांगड़ कॉलेज केंद्र पर पतंजलि सेवा समिति के डॉ. रंजीत जैन, देवी लाल माली और अंबालाल सोलंकी ने योगाभ्यास कराया। आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हजारीमल चौधरी द्वारा प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।

रायको की ढाणी स्थित महादेव बगेची में आयोजित शिविर में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख और विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर मुख्य अतिथि रहे। पूर्व विधायक पारख ने कहा कि नियमित योग और व्यायाम स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

क्रीड़ा भारती के जिला योग प्रभारी मुकेश बोहरा ने बताया कि पांच दिवसीय शिविर का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी योग शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों ने योग को घर-घर तक पहुंचाने और ‘स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत’ के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button