सीरवी समाज में कुरीतियों पर लगेगा अंकुश, बालिका छात्रावास निर्माण पर हुआ मंथन

पाली। श्री आई माता मंदिर, सोडावास में सीरवी समाज परगना समिति पाली की महत्वपूर्ण बैठक समिति अध्यक्ष प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों पर रोक लगाने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज का सर्वांगीण विकास शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बैठक में विशेष रूप से समाज की बालिकाओं के लिए जिला मुख्यालय पर छात्रावास की व्यवस्था किए जाने पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आसानी होगी और समाज की शैक्षणिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

इसके अलावा समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा युवाओं में जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। समाज के वरिष्ठजनों ने समय की मांग के अनुरूप सामाजिक सुधार के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में अखिल भारतीय सीरवी समाज के महासचिव भंवर चौधरी सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर भंवरलाल गुंदोज, गंगाराम काग, राजूराम मंडिया, जगदीश भायल, मोहनलाल भायल, पुनाराम राठौड़, कालूराम, गणाराम बर्फा, मूलाराम सोलंकी, मोहनलाल सोलंकी, नेमाराम सोनाई मांझी, दीपाराम पडासला, भगाराम उतवन, नारायणलाल, वोराराम काग, गणेशराम, फुआराम, लालाराम, अचलाराम, थानाराम, ढलाराम, केसाराम, राजाराम, रामाराम सोनाई सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु मौजूद रहे। बैठक के अंत में समाज हित में मिलकर कार्य करने तथा शिक्षा एवं सामाजिक सुधार को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।



