पाली : तैराकी का महासंग्राम शुरू, 75वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आगाज, युवा तैराकों ने दिखाया दम

पाली : पाली जिला तैराकी संघ के तत्वावधान में स्थानीय डिस्ट्रिक्ट क्लब में शनिवार को 75वीं जिला स्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन युवा तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जिलेभर से पहुंचे 75 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उप जिला शिक्षा अधिकारी (खेल) बलवीर सिंह राणावत, डिस्ट्रिक्ट क्लब के सचिव पुनीत मुथा तथा पाली जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष कानसिंह राणावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का आह्वान किया।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष कानसिंह राणावत ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा तैराकी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

संघ के सचिव चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि जूनियर वर्ग (2008-09) में 50 मीटर फ्री स्टाइल में यश ने प्रथम और महिपाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ऋषभ चौहान ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक एवं ब्रेस्ट स्ट्रोक में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खुशवीर गोराणा ने भी 100 एवं 200 मीटर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
वर्ष 2010-11 आयु वर्ग में आदित्य ने 50, 200 और 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। जयवर्धन सिंह ने 100 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि काव्य ने बैक स्ट्रोक की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
वर्ष 2012-13 आयु वर्ग में धीरेन पंवार प्रतियोगिता के स्टार खिलाड़ी बनकर उभरे। उन्होंने 50, 100, 400 और 800 मीटर फ्री स्टाइल में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मयंक सेन ने बैक स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्ट्रोक में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि रिधम लोढ़ा ने बटरफ्लाई स्पर्धा में जीत दर्ज की।

बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ख्याति गोराणा, कनिष्का, मुमल सोनी, प्रियांशी चौधरी और सारथी मेवाड़ा ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और दर्शकों का दिल जीत लिया।
आयोजन सचिव श्याम चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैतान सिंह जैतावत सहित अनेक प्रशिक्षकों, निर्णायकों और खेल अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



