पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कल पाली दौरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह, जिलेभर में होगा भव्य स्वागत

पाली : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत सोमवार, 22 जून को जालोर से जोधपुर जाते समय पाली जिले के विभिन्न स्थानों पर रुकेंगे। इस दौरान जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। गहलोत के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन में खासा उत्साह देखा जा रहा है और कार्यकर्ताओं ने स्वागत की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पाली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पाली जिले में आगमन पर कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गहलोत का सबसे पहले तखतगढ़ में दोपहर करीब 1:30 बजे स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे साण्डेराव में दोपहर 1:45 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
इसके पश्चात गहलोत गुंदोज गोशाला में दोपहर 2:30 बजे पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। वहीं पाली शहर में सुमेरपुर रोड स्थित बाड़सा रिसोर्ट में दोपहर करीब 2:45 बजे कांग्रेसजन पूर्व मुख्यमंत्री से रूबरू होंगे और उनका भव्य स्वागत करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में अशोक गहलोत का रोहट में दोपहर 3:45 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। जिला कांग्रेस नेतृत्व ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है और स्वागत स्थलों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



