रोटरी क्लब पाली का विशाल नि:शुल्क मेडिकल कैंप, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों मरीजों को दी परामर्श सेवाएं

पाली : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रोटरी क्लब पाली की ओर से रविवार को एक दिवसीय विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शहर स्थित रोटरी क्लब परिसर में आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देकर मरीजों को राहत पहुंचाई। शिविर में बड़ी संख्या में शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें लिवर, किडनी, कैंसर, स्त्री रोग सहित कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। लिवर ट्रांसप्लांट एवं पाचन रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास पटेल ने लिवर, पीलिया, गाल ब्लैडर संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण किया। वहीं डॉ. निलय जैन ने किडनी स्टोन, प्रोस्टेट रोग, मूत्र संबंधी समस्याओं एवं किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़े मामलों में मरीजों को परामर्श दिया।
ऑन्कोलॉजी एवं हेमेटोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. हेमंत मेन्धानी ने कैंसर, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, ल्यूकेमिया, लिम्फोमा, थैलेसीमिया तथा रक्त संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. निमिषा बलारा ने महिलाओं को गर्भाशय संबंधी रोगों, अत्यधिक मासिक धर्म, अनैच्छिक मूत्र रिसाव एवं प्रजनन संबंधी समस्याओं के बारे में विशेषज्ञ सलाह दी।
शिविर में मरीजों की सुविधा के लिए ब्लड शुगर, ईसीजी तथा रक्तचाप (बीपी) की जांच भी पूरी तरह नि:शुल्क की गई। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।
रोटरी क्लब पाली के अध्यक्ष दिनेशचंद मेहता एवं सचिव वर्धमान भंडारी ने बताया कि रोटरी क्लब सदैव जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। यह चिकित्सा शिविर भी उसी सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि रोटरी डिस्पेंसरी में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिविर के समापन पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया। शिविर को सफल बनाने में प्रवीण कोठारी, रामपाल शर्मा, धर्मेन्द्र मोहनोत, मूलचंद संकलेचा, कन्हैयालाल पावर, मगराज जैन, राजकुमार मेड़तिया, जितेन्द्र नाहर और शैलेश अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।



