फादर्स डे पर विप्र फाउंडेशन का अनूठा संदेश, पिता के सम्मान में किया तुलसी बीजारोपण

पाली : फादर्स डे के अवसर पर विप्र फाउंडेशन पाली ने एक अनूठी पहल करते हुए पिता के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए तुलसी का बीजारोपण किया। संगठन की ओर से इस अवसर पर समाज को पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का प्रेरणादायक संदेश दिया गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक विजयराज गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रकाश दायमा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप दवे, जिलाध्यक्ष प्रमोद दवे, जिला महामंत्री जयशंकर त्रिवेदी तथा प्रदेश प्रतिनिधि मनीष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने पिता के सम्मान में तुलसी के बीज रोपित किए।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रकाश दायमा ने कहा कि जैसे-जैसे तुलसी का पौधा घर-आंगन में महकेगा, वैसे-वैसे पिता द्वारा दिए गए संस्कार और उनका स्नेह सदैव परिवार के बीच जीवंत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पिता के आशीर्वाद और संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

जिला महामंत्री जयशंकर त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तुलसी का पौधा पवित्रता, सकारात्मक ऊर्जा और जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में फादर्स डे पर तुलसी का पौधा लगाना न केवल पिता के आदर्शों को सम्मान देने का माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त संदेश है।
प्रदेश प्रतिनिधि मनीष शर्मा ने कहा कि पिता केवल परिवार के मुखिया ही नहीं, बल्कि जीवन के प्रथम गुरु होते हैं। उनके द्वारा दिए गए अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान सभी पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अपने पिता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विजयराज गौड़, शिवप्रकाश दायमा, जयशंकर त्रिवेदी, मनीष शर्मा और जयेश शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



