जिला एवं सेशन न्यायालय में गूंजा योग का संदेश, 100 से अधिक न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला एवं सेशन न्यायालय पाली परिसर में रविवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगगुरु धीरज भोमा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान योगगुरु धीरज भोमा ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है।

योग कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश राजेंद्र कुमार सहित न्यायिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी एवं अधिवक्तागण मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राकेश, विक्रम, नाजिर रवि कुमार, बार काउंसिल से पतंजलि जोशी एवं रमेश मेवाड़ा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। न्यायालय परिसर में आयोजित इस योग सत्र ने सभी को स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन के प्रति प्रेरित किया।




