google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मोहर्रम से पहले निगम प्रशासन अलर्ट, आयुक्त ने स्कूटर पर किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण

पाली : आगामी मोहर्रम पर्व को शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर निगम अधिकारियों ने शहर के मोहर्रम जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने अधिशाषी अभियंता एवं स्वास्थ्य अधिकारी के साथ स्कूटर पर सवार होकर शहर की आंतरिक गलियों और मोहर्रम रूट का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर सफाई व्यवस्था, सड़क एवं नालियों की स्थिति, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे जुलूस मार्ग पर नालियों और सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने सीवरेज सफाई कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्ग पर लगी सभी रोड लाइट्स सुचारू रूप से चालू रहें तथा मार्ग में लटक रहे विद्युत एवं दूरसंचार तारों को संबंधित टेलीकॉम कंपनियों और केबल ऑपरेटरों के माध्यम से तत्काल व्यवस्थित कराया जाए।

मोहर्रम जुलूस मार्ग पर आने वाले अतिक्रमणों को हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पीएचईडी एवं नगर निगम द्वारा किए गए पेचवर्क के बाद शेष मलबे को तत्काल हटाने के आदेश भी जारी किए गए।

नगर निगम ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर नालियों पर टूटे हुए फेरो कवर बदलकर नए कवर भी स्थापित किए हैं, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी कलीम अशरफ, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार, कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक रवि आदित्य, लक्ष्मण कुमार, अशोक डुलगच सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि मोहर्रम पर्व को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु पारंपरिक उत्साह और सौहार्द के साथ पर्व मना सकें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button