जोधपुर बॉक्सिंग कैंप में पाली के 9 खिलाड़ियों ने निखारी प्रतिभा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों का मिला प्रशिक्षण

पाली : खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने की दिशा में पाली जिले के युवा खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में ए.यू. फाउंडेशन के तत्वावधान में 18 से 24 जून तक जोधपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष बॉक्सिंग एवं वुशु प्रशिक्षण शिविर में पाली जिले के नौ खिलाड़ियों ने भाग लेकर आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की ओर से संचालित ‘बनो चैंपियन’ प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस शिविर का आयोजन जेएनवीयू जोधपुर में किया गया। शिविर में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच एवं द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित शिव सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
पाली जिले से कुशल, लक्की पिहाल, मनीष, संदीप, नवीन रांकावत, अमान, सतीश, विराट और हेमाराम का चयन किया गया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को एक्सप्लोसिव स्ट्रेंथ, कोऑर्डिनेशन, स्टांस, फिटनेस, न्यूट्रिशन सहित बॉक्सिंग और वुशु खेलों के विभिन्न तकनीकी पहलुओं एवं नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल तकनीकों के साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक रणनीतियों से भी अवगत कराया।
शिविर से लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत ए.यू. फाउंडेशन के मुक्केबाजी प्रशिक्षक प्रवीण पिहाल, वुशु प्रशिक्षक जयंत सोलंकी, सहायक प्रशिक्षक फिरोज खान तथा पाली बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक दिलीप गहलोत, शंकर पटेल, नरेश पांडे, जितेंद्र परिहार, वेदांश पांडे, जगदीश बिश्नोई सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।



