google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

“ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” का आगाज, ब्यावर के केंद्रीय विद्यालय से शुरू हुआ नशामुक्ति अभियान, स्कूलों के 500 मीटर दायरे को बनाया जाएगा ‘नो ड्रग्स जोन’

पाली : प्रदेशभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” की शुरुआत कर दी है। अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) दिनेश एम.एन. तथा एएनटीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) विकास कुमार के विशेष निर्देशन में मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय, ब्यावर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस अभियान के तहत जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं के 500 मीटर के दायरे को “नो ड्रग्स जोन” के रूप में चिन्हित कर पूर्णतः नशामुक्त क्षेत्र बनाने की योजना है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में एएनटीएफ पाली से उपनिरीक्षक सूरजभान सिंह एवं उनकी टीम, साथ ही साकेत नगर थाना पुलिस के जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति और परिवार को प्रभावित करता है, बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाता है।

उपनिरीक्षक सूरजभान सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं एएनटीएफ को देकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, ताकि विद्यार्थी और आमजन गोपनीय रूप से नशे से संबंधित जानकारी साझा कर सकें। साथ ही संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ते हुए स्वयंसेवक के रूप में नामित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ इस मुहिम को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने तथा जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button