पाली में महिलाओं को किया जागरूक, पुलिस ने बताए हेल्पलाइन नंबर और राजकोप ऐप के फायदे

पाली : महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पाली पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को पाली शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित श्याम मंदिर में पुलिस विभाग, एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, ऑपरेशन जागृति अभियान और राजकोप सिटीजन ऐप की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सीआई जसवंत सिंह के निर्देशन में एंटी रोमियो स्क्वॉड की हेड कांस्टेबल पार्वती देवी तथा कालिका पेट्रोलिंग टीम की सदस्य हेड कांस्टेबल राधा, संगीता, इमरती, मनोज और राधा ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
पुलिस टीम ने महिलाओं को गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सहायता नंबर 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि ये सभी नंबर संकट की स्थिति में बेहद उपयोगी हैं, इसलिए इन्हें अपने मोबाइल में हमेशा सेव रखें।

इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को ऑपरेशन जागृति अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया तथा राजकोप सिटीजन ऐप के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने, शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।



