Rajasthan Got Talent-2 के पहले ऑडिशन में प्रतिभाओं का धमाल, पाली के मंच पर दिखा हुनर का जलवा

पाली : राजस्थान की उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित “Rajasthan Got Talent – Season 2” के पहले ऑडिशन का आयोजन रविवार को नाकोड़ा फूड विला, पाली में उत्साह और उमंग के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पाली सहित आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 50 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग, एक्टिंग, मॉडलिंग तथा अन्य कला विधाओं में बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को रोमांचक बना दिया और पूरे समय आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के ऑर्गेनाइज़र कमलेश सोनी ने बताया कि Rajasthan Got Talent – Season 2 का दूसरा ऑडिशन आगामी 19 जुलाई 2026 को नाकोड़ा फूड विला, पाली में और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजस्थान के विभिन्न शहरों में लगातार ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के हर कोने में छिपी प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में गजेन्द्र सर, प्रियल जैन, शैलीना श्रीमाली, धर्मेश दलराज एवं सुमित ने निर्णायक (जज) की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने हुनर को और निखारने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन को सफल बनाने में रेखा सोलंकी, मयंक अग्रवाल, जानवी जैन, लोकेश अग्रवाल, जीतू एवं दिनेश का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से पहला ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया।
आयोजकों ने बताया कि Rajasthan Got Talent – Season 2 का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला के दम पर नई पहचान बना सकें और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।



