पाली में ANTF की बड़ी कार्रवाई, घर में छिपा रखा था 44 किलो मादक पदार्थ, तस्कर गिरफ्तार

पाली : राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाली जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। बाली थाना क्षेत्र के रडावा गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 44 किलो से अधिक डोडा-पोस्त और गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पाली जिले में यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।
पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि रडावा गांव निवासी चुन्नीलाल ने अपने घर में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद एएनटीएफ टीम ने बाली पहुंचकर स्थानीय थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से गुप्त निगरानी शुरू की।
कुछ समय बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर पर दबिश दी। घर के बाहर मौजूद व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान चुन्नीलाल के रूप में बताई। पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली तो घर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 किलो 251 ग्राम डोडा-पोस्त, 27 किलो 464 ग्राम पीसा हुआ डोडा-पोस्त तथा 4 किलो 734 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी चुन्नीलाल पुत्र कानाराम (47), निवासी रडावा, थाना बाली, जिला पाली को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाए गए, किन लोगों तक इनकी सप्लाई की जानी थी तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
एएनटीएफ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ टीम और बाली थाना पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।



