पाली : 18 जुलाई को निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, दिल्ली के विशेष पुष्पों से सजेगा रथ

पाली : अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) केंद्र पाली द्वारा आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। इस्कॉन भक्तों एवं शहरवासियों की ओर से इस भव्य धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इस्कॉन केंद्र के अध्यक्ष कार्तिक कृष्ण दास ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के विग्रह 16 जुलाई 2026 को आबूरोड से पाली पहुंचेंगे। इस अवसर पर इस्कॉन केंद्र पाली में सायंकाल विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को प्रातः भगवान श्री जगन्नाथ के विशेष श्रृंगार के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। इसके बाद सायं 4:30 बजे अग्रसेन भवन से भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारम्भ किया जाएगा। रथ यात्रा का शुभारम्भ विशिष्ट अतिथियों द्वारा महाआरती के साथ किया जाएगा।
रथ यात्रा अग्रसेन भवन से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों पानी दरवाजा, सर्राफा बाजार, धानमंडी, सोमनाथ मंदिर, सूरजपोल, नहर चौराहा एवं शिवाजी सर्कल होते हुए बांगड़ कॉलेज परिसर पहुंचेगी।
रथ यात्रा को आकर्षक एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को दिल्ली से मंगाए जाने वाले विशेष एवं सुगंधित पुष्पों से सजाया जाएगा। पूरे रथ यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर रंगोली सजाई जाएगी तथा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालु भगवान का स्वागत करेंगे। शहर के विभिन्न सामाजिक एवं जातीय संगठनों ने भी रथ यात्रा के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आयोजन के दौरान मुंबई, जोधपुर, जयपुर एवं बीकानेर सहित विभिन्न शहरों से आने वाले इस्कॉन के वैष्णव भक्त विशेष संकीर्तन, भजन एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
बांगड़ कॉलेज मैदान में रथ यात्रा के पहुंचने के बाद भगवान श्री जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर इस्कॉन केंद्र पाली में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें भक्तों ने विभिन्न सेवाओं की जिम्मेदारी संभाली। रथ यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने के लिए भक्तगण कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही आगामी दिनों में शहर के विभिन्न घरों में भगवान जगन्नाथ के विग्रह का विशेष श्रृंगार, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस्कॉन केंद्र ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



