google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

फालना सीएचसी में जन्मी नवजात को जन्म के साथ ही पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’, पल्स पोलियो अभियान का अनोखा शुभारंभ

पाली : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पाली जिले के फालना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रविवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। यहां लेबर रूम में जन्मी नवजात बालिका को जन्म के तुरंत बाद ही पोलियो की पहली खुराक ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि रविवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर शिवाजी नगर, फालना निवासी कंचन देवी पत्नी भगवाना राम (कालबेलिया समाज) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फालना में भर्ती कराया गया। सुबह 8:20 बजे उनका सामान्य प्रसव हुआ, जिसमें उन्होंने एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत चिकित्सा कर्मियों ने जन्म के तुरंत बाद ही लेबर रूम में नवजात को पोलियो की पहली खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की परिजनों ने भी सराहना की।

नवजात की माता कंचन देवी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी को जन्म के साथ ही ‘दो बूंद जिंदगी की’ दवा पिलाई गई, जो उसके स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से प्रभावित न हो।

इसी क्रम में बांकली गांव के राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी नवजात शिशु को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, जिससे देश को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button