google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का जरिया, डेण्डा के हीराराम को मिला निःशुल्क आवासीय पट्टा

पाली : राज्य सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए न केवल आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत डेण्डा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक परिवार के लिए राहत और खुशी का कारण बन गया। शिविर में डेण्डा निवासी हीराराम पुत्र रामाराम मेघवाल को आवासीय भूमि का निःशुल्क पट्टा जारी किया गया, जिससे उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया।

हीराराम के पास वर्षों से आवासीय भूमि का वैध पट्टा नहीं था, जिसके कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर में आवेदन प्रस्तुत करने पर राजस्व एवं पंचायत प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमानुसार उन्हें आवासीय भूमि का पट्टा जारी किया।

पट्टा प्राप्त करने के बाद हीराराम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार सोमवार को पाली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत डेण्डा, रोहट के गेलावास, सोजत के चंडावल स्टेशन व करमावास पट्टा, मारवाड़ जंक्शन के मुसालिया व कण्टालिया, देसूरी के माडपुर, रानी के सांवलता, बाली के नाडिया व चामुण्डेरी राणावतान तथा सुमेरपुर के कोलीवाड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए।

इसी प्रकार मंगलवार 30 जून को कूरना, माण्डावास, मण्डला, अटबड़ा, गुड़ा रामसिंह, राणावास, सिन्दरली, गजनीपुरा, भीमाणा, बेड़ा और चाणोद सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 1 और 2 जुलाई को भी जिले की अनेक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की भावना को सशक्त करते हुए सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button