पाली में मनाया गया 20वां सांख्यिकी दिवस, प्रशासनिक आंकड़ों के महत्व पर हुआ मंथन

पाली : आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, पाली द्वारा सोमवार को आत्मा सभागार भवन, कृषि विभाग परिसर में 20वां सांख्यिकी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रख्यात सांख्यिकीविद् एवं गणितज्ञ प्रो. पी.सी. महालनोबिस की जयंती के अवसर पर किया गया, जिसमें सांख्यिकी के महत्व और प्रशासनिक आंकड़ों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक नरेंद्र सिंह पुनिया की अध्यक्षता में प्रो. पी.सी. महालनोबिस के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह पुनिया ने इस वर्ष की थीम “Unlocking the Potential of Administrative Data” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशासनिक आंकड़ों का प्रभावी उपयोग सुशासन और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सांख्यिकीय गतिविधियों और प्रशासनिक आंकड़ों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण आंकड़े नीति निर्माण और विकास योजनाओं की सफलता की आधारशिला होते हैं।
सेवानिवृत्त उप निदेशक हरिश्चंद्र पारीक ने कहा कि सांख्यिकी विभाग द्वारा संकलित आंकड़े केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के निर्माण, मॉनिटरिंग, मूल्यांकन तथा प्रशासनिक निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बांगड़ महाविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. विनिता अरोड़ा ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक आंकड़ों का प्रभावी उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की कुंजी है।
उप निदेशक राजेंद्र टांक ने प्रो. महालनोबिस के जीवन, आर्थिक नियोजन एवं भारतीय सांख्यिकी प्रणाली के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 29 जून को सांख्यिकी दिवस मनाया जाता है।
इस दौरान बीएसओ रोहट लालाराम चौधरी ने सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी, जबकि बीएसओ देसूरी स्वाति कुमावत ने जन आधार योजना और बीएसओ सुमेरपुर रामप्रसाद वर्मा ने पहचान पोर्टल की जानकारी प्रस्तुत की। व्याख्याता दिनेश कुमार टेवाली और सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी ने भी विभागीय सर्वेक्षणों और सांख्यिकी की उपयोगिता पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांख्यिकी ज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के तीन छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सांख्यिकी अधिकारी भंवरलाल जोशी, डॉ. विनिता अरोड़ा, उप निदेशक राजेंद्र टांक सहित विभागीय अधिकारी, कार्मिक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंगीलाल ने किया।



