पाली में ‘वीबी-जी राम जी’ योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, रोजगार दिवस बढ़ाकर 125 किए जाएंगे

पाली : ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 (वीबी-जी राम जी) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को 1 जुलाई से प्रस्तावित नई योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ पात्र ग्रामीणों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

कार्यशाला में बताया गया कि नई योजना के तहत रोजगार दिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है। इसके अलावा योजना में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिनमें युक्तधारा पोर्टल, जीआईएस आधारित डिजिटल प्रणाली, बेरोजगारी एवं क्षतिपूर्ति भत्ता, कृषि सीजन के दौरान 60 दिनों का कार्य विराम तथा अकुशल श्रमिकों के कौशल विकास जैसे नवाचार शामिल हैं।
अधिकारियों को बताया गया कि योजना के वित्तीय प्रावधानों के तहत केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी 60:40 अनुपात में निर्धारित की गई है। योजना के अंतर्गत कुल 318 प्रकार के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें चार प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

इनमें जल सुरक्षा से जुड़े 107 कार्य, मुख्य ग्रामीण अवसंरचना के 90 कार्य, आजीविका संवर्धन के 86 कार्य तथा आपदा न्यूनीकरण से संबंधित 35 कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जाएंगे।
इसी क्रम में जिला परिषद सभागार में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 के तहत तकनीकी अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न लाइन विभागों के तकनीकी अधिकारियों के साथ पंचायत समिति स्तर के तकनीकी, लेखा एवं कम्प्यूटर कार्मिकों ने भाग लिया। कार्यशाला में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय, तकनीकी दक्षता और डिजिटल मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।




