google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविर ने बदली पारस सिंह की जिंदगी, वर्षों बाद मिला आवासीय भूमि का पट्टा, सरकारी योजनाओं का रास्ता हुआ आसान

पाली : राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। बुधवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत डिंगाई में आयोजित शिविर में एक ग्रामीण को वर्षों से लंबित आवासीय भूमि का पट्टा जारी कर प्रशासन ने बड़ी राहत दी।

डिंगाई निवासी पारस सिंह पुत्र मोहन सिंह लंबे समय से अपनी आवासीय भूमि के वैध दस्तावेज के अभाव में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। ग्रामीण सेवा शिविर में उन्होंने अपना आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवासीय भूमि विक्रय विलेख का पट्टा जारी कर दिया।

पट्टा प्राप्त करने के बाद पारस सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही उनकी सबसे बड़ी समस्या अब समाप्त हो गई है। भूमि का वैध दस्तावेज मिलने से अब वे केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न आवास, ऋण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आम लोगों के लिए राहत का सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं, जहां समस्याओं का समाधान बिना अनावश्यक देरी के हो रहा है।

बुधवार को पाली उपखंड क्षेत्र की डिंगाई, सांवलता कला, खोखरा, खारिया सोडा, बांसोर, बासनी जोजावर, कोटड़ी, इटनदरा मेड़तियान, उपला भीमाणा, मालनू, बलूपुरा और बलाना सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में सेवा शिविर आयोजित किए गए, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
2 जुलाई: सोडावास, राणा, गागुड़ा, झुपेलाव, हिंगोला खुर्द, भीमालिया, दादाई, जीवंद कला, ठंडी बेरी, आमलिया और बांकली।
3 जुलाई: गुरड़ाई, कुलथाना, बोयल, बासना, सेहवाज, निम्बली माण्डा, आना, करली, रामपुरा, नाना, बंसत और पावा।
4 जुलाई: टेवाली और नारलाई।
6 जुलाई: लाम्बिया, वायद, मेंव, खारिया नींव, फुलाद, चौकड़िया, घाणेराव, खिंवाड़ा, लुन्दाड़ा, लालपुरा, ढोला और बिरामी।

प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करना तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button