
पाली। सोमेसर क्षेत्र के बूसी गांव स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की 14वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 8 और 9 जुलाई 2026 को दो दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।
श्रीराम हनुमान मंदिर सेवा समिति के व्यवस्थापक नरेंद्र वैष्णव ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 8 जुलाई को शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ से होगा। भगवान श्रीराम और हनुमानजी की स्तुति के साथ आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पहले दिन रात्रि 9 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक पीयूष जांगिड़ एंड पार्टी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। देर रात तक चलने वाली इस भजन संध्या में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

महोत्सव के दूसरे दिन 9 जुलाई को शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीराम और हनुमानजी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। आयोजन का समापन सुबह 11 बजे महाप्रसादी के वितरण के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
मंदिर सेवा समिति ने सभी धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। समिति के अनुसार आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए स्वयंसेवकों की टीमें लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी यह धार्मिक महोत्सव क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जहां हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीराम और हनुमानजी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।



