ग्रामीण सेवा शिविर में मिनटों में दूर हुई वर्षों की परेशानी, ऑनलाइन जमाबंदी की त्रुटि मौके पर सुधारी

पाली : राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। गुरुवार को देसूरी उपखंड की ग्राम पंचायत दादाई में आयोजित शिविर के दौरान राजस्व विभाग ने एक ग्रामीण की ऑनलाइन जमाबंदी में दर्ज गंभीर त्रुटि का मौके पर ही निराकरण कर उसे बड़ी राहत प्रदान की।
शिविर में लाभार्थी ने अपनी ऑनलाइन जमाबंदी में जाति संबंधी त्रुटि सुधारने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जांच के दौरान पाया गया कि रिकॉर्ड में उनकी सही जाति ‘सीरवी’ के स्थान पर गलती से ‘रेबारी’ दर्ज हो गई थी, जिससे भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी की आशंका थी।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त होते ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया और ऑनलाइन भूमि अभिलेखों में तत्काल संशोधन करते हुए सही जाति दर्ज कर दी। मौके पर ही समस्या का समाधान होने से लाभार्थी ने राहत की सांस ली।
लाभार्थी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के कारण अब छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
2 जुलाई को पाली जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों—सोडावास, राणा, गागुड़ा, झुपेलाव, हिंगोला खुर्द, भीमालिया, दादाई, जीवंद कला, ठंडी बेरी, आमलिया और बांकली में शिविर आयोजित किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार—
3 जुलाई को गुरड़ाई, कुलथाना, बोयल, बासना, सेहवाज, निम्बली माण्डा, आना, करली, रामपुरा, नाना, बंसत और पावा में शिविर आयोजित होंगे।
4 जुलाई को टेवाली और नारलाई में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
6 जुलाई को लाम्बिया, वायद, मेंव, खारिया नींव, फुलाद, चौकड़िया, घाणेराव, खिंवाड़ा, लुन्दाड़ा, लालपुरा, ढोला और बिरामी में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित सेवा शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करवाएं।



