पाली से वीबी-जी रामजी योजना की शुरुआत, अब ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार, 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी

पाली : ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी रामजी) योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ गुरुवार को बाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटबालियान में किया गया। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह नई व्यवस्था ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रमिकों एवं ग्रामीणों को तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ समारोह तथा मसूदा (ब्यावर) से प्रसारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इससे ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य और नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी मिली।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब पात्र श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी का प्रावधान भी किया गया है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और आजीविका को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना भी है।

योजना के शुभारंभ के साथ ही जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत ग्राम कोटबालियान के खेल मैदान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह मेहता, विकास अधिकारी भोपाल सिंह जोधा, जिला परिषद के अधिशासी अभियंता हरिसिंह राजपुरोहित, सहायक अभियंता रामकिशोर सांखला, अतिरिक्त विकास अधिकारी अशफाक अली, ग्राम पंचायत कोटबालियान की प्रशासक हेजाबाई, मुण्डारा के प्रशासनिक अधिकारी प्रवीण वैष्णव, शिवतलाव के प्रशासक रूपसिंह चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी रामचन्द्र यादव, समाजसेवी सांकलाराम देवासी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि वीबी-जी रामजी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। योजना के नए प्रावधानों से हजारों श्रमिक परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।



