बांगड़ कॉलेज में छात्रों ने किया ‘सद्बुद्धि महायज्ञ’, शिक्षा में पारदर्शिता और छात्रहित की उठाई आवाज

पाली : राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, पाली में गुरुवार को छात्रहित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने अनोखे अंदाज में ‘सद्बुद्धि महायज्ञ’ का आयोजन किया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एनएसयूआई कार्यकारी जिला अध्यक्ष गणपत पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की कामना की।
महायज्ञ के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य निर्माण का आधार है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन और शिक्षा से जुड़े सभी निर्णय निष्पक्ष, पारदर्शी और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए, ताकि परिसर में सकारात्मक और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण कायम रहे।
कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्र समस्याओं के समाधान और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। विद्यार्थियों का कहना था कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सोच, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विधायक भीमराज भाटी द्वारा छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के प्रयासों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान कई छात्रों ने प्रतीकात्मक रूप से विधायक का मुखौटा पहनकर उनके समर्थन का संदेश भी दिया।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एनएसयूआई कार्यकारी जिला अध्यक्ष गणपत पटेल ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और मांगों को हमेशा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सद्बुद्धि महायज्ञ’ का उद्देश्य किसी के विरोध के बजाय महाविद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल, छात्रहित और पारदर्शी व्यवस्था की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा महाविद्यालय के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भरत सिंह भाटी, रमेश चौहान, ऋतिक, पूनम सिंह, अरविंद, खुशवीर, प्रकाश, पंकज, निमेश, राहुल, सुनील, हर्ष सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रहित के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।



