बाली शहरी सेवा शिविर में वर्षों का इंतजार खत्म, दो परिवारों को मौके पर मिला आवासीय पट्टा

पाली : राजस्थान सरकार की शहरी सेवा शिविर-2026 पहल आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। पाली जिले की नगरपालिका बाली में आयोजित शिविर में दो परिवारों की वर्षों पुरानी भूमि संबंधी समस्या का मौके पर समाधान करते हुए उन्हें 69-क आवासीय पट्टा जारी किया गया। पट्टा मिलने के बाद लाभार्थियों ने इसे सरकार की जनहितकारी पहल बताते हुए खुशी जताई।
बाली निवासी राजाराम पुत्र भीमाराम देवासी एवं संग्रामराम पुत्र भीमाराम देवासी लंबे समय से अपने पैतृक भूखंड के आवासीय पट्टे का इंतजार कर रहे थे। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें स्वामित्व प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे कई प्रशासनिक एवं सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
15 जुलाई को आयोजित शहरी सेवा शिविर में दोनों लाभार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे। शिविर प्रभारी एवं अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने आवेदन की तत्काल जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और दोनों को मौके पर ही 69-क आवासीय पट्टा जारी कर दिया।
पट्टा प्राप्त होने के बाद दोनों लाभार्थियों ने कहा कि वर्षों से लंबित उनका कार्य शहरी सेवा शिविर में कुछ ही समय में पूरा हो गया। अब उन्हें अपने पैतृक भूखंड का वैध स्वामित्व मिल गया है, जिससे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य प्रशासनिक कार्य कराने में आसानी होगी।
राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर त्वरित, पारदर्शी और सरल प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों में भूमि, पट्टा, प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है। इससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
लाभार्थियों ने राज्य सरकार और नगरपालिका बाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आम नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन रहे हैं और प्रशासन को लोगों के और करीब ला रहे हैं।



