जोजावर नवोदय विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक परिषद का गठन, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

पाली : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर (पाली) में बुधवार को शिक्षा, अनुशासन और अभिभावक सहभागिता को नई मजबूती देने के उद्देश्य से शिक्षक-अभिभावक परिषद (पीटीएम) गठन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 अभिभावकों की मौजूदगी रही, जबकि विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि कर्म, परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की असली पहचान हैं। उन्होंने अभिभावकों से कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अधिक से अधिक आवेदन करवाने की अपील करते हुए चयन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा इस अभियान में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग की सराहना की।

समारोह में संगीत शिक्षिका विधी शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत, राजस्थानी लोकनृत्य और योग प्रदर्शन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में शामिल देवगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व नवोदय छात्र शोभालाल ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम अपनाने का संदेश दिया। वहीं ब्यावर नगर परिषद अध्यक्ष एवं पूर्व छात्र नरेश कन्नौजिया ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद और सहगामी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देसूरी के प्राचार्य एवं पूर्व छात्र मानसिंह चौहान ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का महत्व बताते हुए महात्मा बुद्ध के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी।

विद्यालय के शिक्षक उमाकांत पारिक के निर्देशन में सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के दौरान उप-प्राचार्य राजपाल सिंह के नेतृत्व में शिक्षक-अभिभावक परिषद का गठन किया गया। परिषद में विद्यालय से जुड़े 10 ब्लॉकों का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 पुरुष एवं 5 महिला अभिभावकों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इसके अलावा नियमानुसार प्राचार्य द्वारा नामित 5 शिक्षकों को भी परिषद में शामिल किया गया।

उप-प्राचार्य राजपाल सिंह ने नवनिर्वाचित परिषद सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षिका विधी शर्मा ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।




