पाली में हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड का जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत का सम्मान, गतिविधियों के विस्तार पर हुई चर्चा

पाली : हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड, राजस्थान राज्य की पाली जिला कार्यकारिणी की ओर से गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा, पाली देवाराम प्रजापत का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्काउट परिवार ने उन्हें स्काउट स्कार्फ पहनाकर आत्मीय स्वागत किया तथा ‘स्काउट-गाइड दर्पण’ भेंट कर जिले में संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने जिले में स्काउट एवं गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही आगामी प्रशिक्षण शिविरों, सेवा गतिविधियों और विद्यालय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत ने स्काउट-गाइड आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को अधिक सक्रिय और व्यवस्थित रूप से संचालित करने तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के संस्कार विकसित करने में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए प्रत्येक विद्यालय में इन गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रवीण जांगिड़, जिला सचिव विनोद पुरोहित, जिला ऑर्गेनाइजेशन कमिश्नर दिलीप कुमार, ब्लॉक सचिव समर सिंह राठौड़, ब्लॉक सचिव लक्ष्मण गुर्जर, उप जिला शिक्षा अधिकारी (खेलकूद) बलवीर सिंह राणावत, मुकेश बोहरा, हेमंत जोशी, योगेश त्रिवेदी सहित स्काउट-गाइड संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई गति देने, अधिक से अधिक विद्यालयों को जोड़ने तथा विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।



