हिंदू सेवा मंडल ने 199 जरूरतमंद परिवारों को बांटे राशन किट, सुंदरकांड सेवा समिति ने स्वर्गाश्रम स्नानागार के नवीनीकरण के लिए दिए 5 लाख रुपए

पाली : शहर में सामाजिक सेवा और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब श्री हिंदू सेवा मंडल ने अपनी मासिक गरीब राशन कार्ड योजना के तहत 199 अति जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री के किट वितरित किए। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने लाभार्थियों को बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा, सचिव कमल किशोर गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बालाल सोलंकी, उपाध्यक्ष केवलचंद कवाड़, पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल गांधी, डॉ. एल.एन. सोनी एवं डॉ. जी.एन. अरोड़ा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर शहर की प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री सुंदरकांड सेवा समिति ने भी समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए हाऊसिंग बोर्ड स्थित स्वर्गाश्रम के स्नानागार के नवीनीकरण के लिए 5 लाख रुपए का चेक श्री हिंदू सेवा मंडल को भेंट किया। समिति के अध्यक्ष गोविंद मूलचंदानी, उपाध्यक्ष राजेश पुरोहित, सचिव कमल किशोर माथुर, कोषाध्यक्ष रघुनाथ एवं सहसचिव श्रवण शर्मा ने यह सहयोग राशि संस्था को समर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने सुंदरकांड सेवा समिति के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार का दान अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और धर्मार्थ कार्यों के लिए समाज का सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री हिंदू सेवा मंडल वर्षों से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए नियमित रूप से राशन वितरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम संचालित करता आ रहा है तथा भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष गुरुचरण हेड़ा, सहकोषाध्यक्ष छगनलाल सालेचा, डॉ. बंशीलाल शर्मा, कंवरलाल मंडोरा, श्रीकिशन दायमा, केशर सिंह राजपुरोहित, अनिल कुमार गुप्ता, अशोक कुमार गौड़, भीम सिंह मेहता, रमेश कुमार शर्मा, ढलाराम जांगिड़ सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं व्यवस्थापक विजयनाथ एवं जेठूसिंह राजावत ने लाभार्थियों के लिए व्यवस्थाएं संभाली।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एम.एस. लोढ़ा ने सुंदरकांड सेवा समिति सहित सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही सेवा कार्यों का दायरा लगातार बढ़ रहा है और भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।



