
पाली : इस्कॉन पाली के तत्वावधान में शनिवार, 18 जुलाई को शहर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर यह विशाल आयोजन शाम 4 बजे अग्रसेन भवन से शुरू होगा। रथ यात्रा पानी दरवाजा, सर्राफा बाजार, धानमंडी, सोमनाथ मंदिर, सूरजपोल, नहर चौराहा और शिवाजी सर्किल होते हुए बांगड़ कॉलेज पहुंचेगी, जहां महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
इस बार रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण 15 फीट ऊंचा भव्य रथ रहेगा, जिस पर भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम जी और सुभद्रा माता के विग्रह विराजमान होंगे। श्रद्धालु 121 फीट लंबी रस्सी से रथ को खींचकर प्रभु का नगर भ्रमण कराएंगे। परंपरा के अनुसार महिलाओं और पुरुषों के लिए रस्सी के अलग-अलग हिस्से निर्धारित किए गए हैं।

रथ यात्रा में मुंबई, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे वैष्णव भक्त शामिल होंगे। यात्रा के दौरान “हरे कृष्ण, हरे राम” महामंत्र के संकीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा। महिला श्रद्धालु गोपी वेशभूषा और पुरुष सफेद धोती-कुर्ता पहनकर भक्ति नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
रथ यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर महिलाओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी तथा फूल-पत्तियों से स्वागत किया जाएगा। यात्रा के दौरान भक्तजन प्रभु के रथ के आगे झाड़ू लगाकर मार्ग को स्वच्छ करेंगे, जो भगवान जगन्नाथ की सेवा की विशेष परंपरा मानी जाती है।

रथ यात्रा का समापन बांगड़ महाविद्यालय परिसर में होगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। इस्कॉन के अनुसार इस बार पुरी की परंपरा के अनुरूप लकड़ी की भट्टी पर सुबह 4 बजे से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। भगवान को भोग लगाने के बाद हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इस्कॉन पाली ने सभी शहरवासियों से परिवार सहित 18 जुलाई को आयोजित होने वाली इस भव्य रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।




