google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली की बहू ने रचा इतिहास, राष्ट्रपति भवन में होगा राष्ट्रीय सम्मान, ‘ग्रासरूट्स इनोवेटर रिकग्निशन’ पाने वाली राजस्थान की पहली महिला बनीं नेहा सोलंकी

पाली। पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के हेमलियावास खुर्द गांव की बहू नेहा सोलंकी ने अपने नवाचार और सामाजिक योगदान से राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। अटल इनोवेशन मिशन (AIM), नीति आयोग द्वारा वर्ष 2026 के ‘ग्रासरूट्स इनोवेटर रिकग्निशन’ के लिए उनका चयन किया गया है। इस उपलब्धि के साथ नेहा सोलंकी राजस्थान की पहली महिला बन गई हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।

देशभर से चयनित 26 जमीनी नवप्रवर्तकों में शामिल नेहा सोलंकी को 31 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति के कर-कमलों से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए विकसित किए गए नवाचारों, जनहित में उत्कृष्ट कार्यों और सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जा रहा है।

नेहा सोलंकी इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने वाली राजस्थान की पहली महिला होंगी। इससे पहले यह सम्मान केवल अरुणाचल प्रदेश की एक महिला नवप्रवर्तक को मिला था। इस उपलब्धि के साथ नेहा सोलंकी देश की दूसरी महिला ग्रासरूट्स इनोवेटर बनने जा रही हैं, जो राजस्थान के लिए गौरव का विषय है।

नेहा सोलंकी वर्तमान में जोधपुर में निवास करती हैं। वे अभिषेक भाटी की धर्मपत्नी तथा भगवान सिंह भाटी की पुत्रवधू हैं। उनका ससुराल पाली जिले के हेमलियावास खुर्द गांव में है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे पाली जिले और राजस्थान में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।

अटल इनोवेशन मिशन द्वारा जारी चयन-पत्र में नेहा सोलंकी के नवाचार, शोध, मेहनत और समाज के जीवन को बेहतर बनाने के प्रति उनके समर्पण की विशेष सराहना की गई है। चयन समिति ने माना कि उनके नवाचारों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और वे जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाने का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

नेहा सोलंकी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पाली जिले, मारवाड़ और पूरे राजस्थान के लिए गर्व का क्षण है। राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह सम्मान समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए भी नई प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button