google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यशिक्षा

गुरु पूर्णिमा पर गूंजा गुरु महिमा का संदेश, साहित्य परिषद ने किया गुरुजनों का भव्य सम्मान

पाली : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद, पाली की ओर से पुनायता रोड स्थित मधुरम विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शेखावत नगर में गुरु वंदन एवं सम्मान समारोह श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति के उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए गुरुजनों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों को संस्कार, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण में गुरु की भूमिका से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ इस्कॉन मंदिर के प्रमुख कार्तिक कृष्ण प्रभु के मंगलाचरण एवं आशीर्वचन से हुआ। उन्होंने कहा कि गुरु ही वह प्रकाश हैं जो व्यक्ति के जीवन से अज्ञान का अंधकार दूर कर उसे सही दिशा प्रदान करते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पाली विभाग के संचालक सुरेश चन्द्र माथुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना का भी संचार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कल्पवृक्ष साहित्य संस्थान के अध्यक्ष पवन पाण्डेय ने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति आध्यात्मिक उन्नति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकता है। वहीं रतन सिंह राजपुरोहित ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी।

विद्यालय परिवार की ओर से दलपत सिंह और हिम्मत सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भावपूर्ण गुरु वंदना प्रस्तुत कर गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने गुरुजनों के बताए आदर्श मार्ग पर चलने, शिक्षा के साथ संस्कारों को अपनाने और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, साहित्य परिषद के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button