google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भव्य तैयारी, 9 से 17 अगस्त तक ढाई लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य

पाली : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पाली जिले में इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिलेभर में करीब ढाई लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी।

अभियान की तैयारियों को लेकर जयपुर से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने शिक्षा विभाग, पुलिस, जिला परिषद एवं अन्य विभागों को अभियान को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान तिरंगा रैली, प्रभात फेरी, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कैण्डल मार्च, तिरंगा प्रदर्शनी, हस्ताक्षर अभियान, लघु फिल्म प्रदर्शन, नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, सार्वजनिक भवनों और पंचायतों में तिरंगा थीम पर विशेष आयोजन होंगे।

इस वर्ष अभियान की विशेष थीम ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ रहेगी। 13 अगस्त को विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी, लघु फिल्में और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 14 अगस्त को जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर मौन कार्यक्रम आयोजित कर विभाजन के दौरान जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

कार्यक्रमों की शुरुआत 9 अगस्त को तिरंगा प्रभात फेरी से होगी। 10 अगस्त को विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत में ई-बाइक, साइकिल और ट्रैक्टर रैलियों का आयोजन भी होगा।

11 और 12 अगस्त को सभी शहरी निकायों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले लगाए जाएंगे, जहां राष्ट्रध्वज और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विषयों पर प्रदर्शनियां भी आमजन के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

13 से 17 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यालयों, शहरी निकायों, पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्मारकों को तिरंगा थीम पर एलईडी लाइटिंग एवं आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा। प्रत्येक पंचायत और नगर निकाय में ‘एक तिरंगा कैनवास’ भी लगाया जाएगा, जहां नागरिक देशभक्ति संदेश लिखकर हस्ताक्षर करेंगे।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों, पंचायतों और शहरी निकायों में ध्वजारोहण के साथ देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं 14 अगस्त की शाम तिरंगा थीम पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।

अभियान के तहत तिरंगा वॉलंटियर्स का पंजीकरण भी किया जाएगा। ये स्वयंसेवक लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, ध्वजारोहण के नियमों, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित करेंगे।

जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, विभाजन प्रभावित परिवारों, स्वयं सहायता समूहों, गैर सरकारी संगठनों, भामाशाहों, स्थानीय कलाकारों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की है। प्रशासन का लक्ष्य इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का राष्ट्रव्यापी उत्सव बनाना है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button