ग्राम सेवा शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का मंच, वर्षों बाद दूदाराम को मिला पुश्तैनी मकान का मालिकाना हक

पाली : राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम सेवा शिविर-2026 (फॉलोअप) ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। पाली पंचायत समिति की सोड़ावास ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान एक ऐसा मामला सुलझा, जिसका इंतजार लाभार्थी का परिवार कई पीढ़ियों से कर रहा था। शिविर में दूदाराम पुत्र कूंपाराम (सिरवी) को उनके पुश्तैनी मकान का वैधानिक पट्टा सौंपा गया, जिससे वर्षों से चली आ रही भूमि स्वामित्व की समस्या का स्थायी समाधान हो गया।
दूदाराम लंबे समय से अपने पुश्तैनी मकान में निवास कर रहे थे, लेकिन पारिवारिक कारणों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के चलते अब तक मकान का पट्टा जारी नहीं हो पाया था। ग्राम सेवा शिविर में मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं।
ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने पैमाइश, राजस्व अभिलेखों का परीक्षण और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कीं। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शिविर में ही दूदाराम को उनके मकान का विधिवत पट्टा प्रदान किया गया।
पट्टा मिलने के बाद अब दूदाराम को अपने आवास का कानूनी स्वामित्व प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही वे भविष्य में आवास, ऋण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे।
पट्टा प्राप्त करने के बाद दूदाराम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित उनकी समस्या का समाधान होने से परिवार को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन पाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम सेवा शिविर आमजन के लिए वास्तव में राहत और समाधान का माध्यम साबित हो रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि ग्राम सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना और पारदर्शी, समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।



