google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पीएम स्वनिधि योजना से बदली पार्वती की जिंदगी, समय पर ऋण चुकाने पर मिला 25 हजार का नया लोन

पाली : प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनती जा रही है। पाली नगर निगम द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 (फॉलोअप कैम्प) के तहत एक और महिला उद्यमी को योजना का लाभ मिला है। सुंदर नगर निवासी पार्वती को पहले चरण के 10 हजार रुपये के ऋण का समय पर भुगतान करने पर दूसरे चरण में 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।

पार्वती वर्तमान में कपड़ों का छोटा व्यवसाय संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में मिले ऋण से व्यवसाय को संभालने में मदद मिली, जबकि अब दूसरे चरण में प्राप्त 25 हजार रुपये की राशि से वे नए कपड़ों का स्टॉक खरीदेंगी। इससे ग्राहकों को अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे और उनके व्यवसाय के विस्तार के साथ आय में भी बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का मजबूत माध्यम भी साबित हो रही है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अधिक राशि का ऋण मिलने से वे अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा पा रहे हैं।

पार्वती ने योजना के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ने और अपने पैरों पर मजबूती से खड़े होने का अवसर दिया है। उन्होंने भारत सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं गरीब और छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहरी सेवा शिविर-2026 के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने और छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का अभियान लगातार जारी है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button