google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में राज्य पुरस्कार गाइड-रेंजर शिविर, 205 प्रतिभागियों ने लिया नेतृत्व का प्रशिक्षण, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पाली। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में आयोजित पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार गाइड एवं रेंजर शिविर में गुरुवार को प्रशिक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। शिविर में शामिल प्रतिभागियों और अतिथियों ने पौधरोपण कर हरित पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं नेतृत्व विकास, अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों ने शिविर को प्रेरणादायी बना दिया।

सहायक स्टेट कमिश्नर (गाइड) नूतन बाला कपिला ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना का विकास करती हैं। उन्होंने गाइड्स से राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

सहायक निदेशक दौलाराम मेघवाल ने अपने छात्र जीवन के स्काउट अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण केवल गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन प्रबंधन की पाठशाला है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। शिविरों के माध्यम से प्रत्येक प्रतिभागी को नेतृत्व करने का अवसर मिलता है, जो उनके व्यक्तित्व को नई दिशा देता है।

सीओ (गाइड) डिंपल दवे ने बताया कि 3 से 7 अगस्त तक आयोजित इस राज्य स्तरीय शिविर में 167 गाइड, 9 रेंजर तथा 20 यूनिट लीडर एवं सर्विस रोवर-रेंजर सहित कुल 205 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में विभिन्न कौशल आधारित गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।

शिविर के दौरान गाइड प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। साथ ही सोशल मीडिया की बढ़ती लत और उसके दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर डिजिटल संतुलन और जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। प्रतिभागियों की प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और प्रतिभागियों ने जिला प्रशिक्षण केंद्र परिसर में विभिन्न पौधे रोपित किए तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में सहायक स्टेट कमिश्नर (गाइड) नूतन बाला कपिला, जिला उपाध्यक्ष सीमा त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष ताराचंद जैन, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) लीला जैन, सहायक निदेशक दौलाराम मेघवाल, पूर्व सहायक निदेशक सोहनलाल भाटी, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पा परिहार, स्थानीय संघ के सचिव पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, सीओ (स्काउट) गोविन्द मीणा, महावीर सिंह, रघुनाथराम मीणा, हस्तीमल सेन, मांगीलाल दहिया, गजेन्द्र सिंह एवं अवधेश लखावत सहित अनेक अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button